वाराणसी: विकास खंड चिरईगांव में जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल योजना की प्रगति सवालों के घेरे में है। गौरीकलां गांव में पिछले चार वर्षों से निर्माणाधीन पेयजल योजना अब तक पूरी नहीं हो सकी है। पेयजल टंकी, नलकूप और पाइपलाइन निर्माण के बावजूद ग्रामीणों को नल से पानी मिलने का इंतजार है। वहीं, विकास खंड के अन्य गांवों में भी जल जीवन मिशन की परियोजनाओं की प्रगति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
यह भी पढ़ें: 16 से 30 नवंबर तक खुलेगी स्व-गणना की खिड़की, घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार का विवरण
जल जीवन मिशन के तहत विकास खंड चिरईगांव में कुल कितने गांव आच्छादित हैं और किन गांवों में पेयजल आपूर्ति शुरू हो चुकी है, इसकी अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के संबंध में खंड विकास अधिकारी रिया सैनी से पूछे जाने पर उन्होंने पटल प्रभारी से रिपोर्ट मंगवाने की बात कही। शुक्रवार को स्थापना लिपिक मनीष चौधरी से रिपोर्ट के संबंध में जानकारी मांगी गई तो उन्होंने बताया कि रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: वाराणसी को मिला नया पुलिस कमिश्नर, किरण एस. संभालेंगे काशी की कमान
2022 से निर्माणाधीन, अब तक नहीं शुरू हुई आपूर्ति
गौरीकलां के प्रशासक राजेश कुमार उर्फ राजू के अनुसार, गांव में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजना का निर्माण वर्ष 2022 से चल रहा है। पेयजल टंकी, नलकूप और पाइपलाइन का काम कराया गया है, लेकिन नलकूप से पानी टंकी तक पानी पहुंचाने वाली मुख्य पाइपलाइन अब तक नहीं बिछाई गई है। इसके लिए पाइप मौके पर रखे हुए हैं, लेकिन कार्य पूरा नहीं होने से पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। प्रशासक का कहना है कि पेयजल आपूर्ति शुरू कराने के लिए कई बार खंड विकास अधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को लिखित रूप से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें: अभिभावक के रूप में मुख्यमंत्री ने की बच्चे की काउंसलिंग, बोले- खूब खेलो, लेकिन पढ़ाई-लिखाई भी जरूरी
चार राजस्व गांवों की आठ हजार से अधिक आबादी इंतजार में
ग्राम पंचायत में कुल चार राजस्व गांव हैं, जिनकी आठ हजार से अधिक आबादी को पेयजल आपूर्ति शुरू होने का इंतजार है। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि जल जीवन मिशन के तहत घरों तक पानी पहुंचने से पेयजल संकट से राहत मिलेगी, लेकिन योजना अधूरी होने से इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी विकास खंड के चुहरपुर, मुस्तफाबाद, शंकरपुर समेत अन्य गांवों में भी पेयजल टंकियों का निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में इन परियोजनाओं की प्रगति और निर्धारित समयसीमा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: महोबा में खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई स्टोन क्रेशर पर छापेमारी; खनन अधिकारी पर भी गिरेगी गाज!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण परिवारों तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य है। लेकिन चिरईगांव के गौरीकलां में चार साल से अधूरी पड़ी योजना ग्रामीणों के इंतजार और विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। आखिर पेयजल आपूर्ति कब शुरू होगी, इसका जवाब अब जिम्मेदार अधिकारियों से ही अपेक्षित है।


No comments:
Post a Comment