Latest News

Tuesday, November 17, 2026

महोबा में खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई स्टोन क्रेशर पर छापेमारी; खनन अधिकारी पर भी गिरेगी गाज!

महोबा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और खनिजों की अवैध जमाखोरी के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में खनन निदेशक आईएएस उज्ज्वल कुमार ने कई टीमों के साथ महोबा की खदानों और स्टोन क्रेशर का औचक निरीक्षण किया। निदेशक के नेतृत्व में चल रही छापेमारी से खनन कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।


यह भी पढ़ें: वाराणसी के रुस्तमपुर में संत रविदास की मूर्ति तोड़ने से हड़कंप, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, पिता ने नई मूर्ति लगवाने का दिया आश्वासन

जानकारी के मुताबिक, महोबा के कबरई बाजार स्थित कई स्टोन क्रेशर पर स्वीकृत मानक से अधिक खनिज भंडारण मिलने की बात सामने आई है। निरीक्षण के दौरान एनजीटी की गाइडलाइन और निर्धारित मानकों के आधार पर विस्तृत जांच की जा रही है। विभागीय टीमें देर रात तक जांच और चेकिंग अभियान में जुटी रहीं।

यह भी पढ़ें: 16 से 30 नवंबर तक खुलेगी स्व-गणना की खिड़की, घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार का विवरण

खनन निदेशक उज्ज्वल कुमार ने कानपुर रोड पर स्वयं ओवरलोड मौरंग लेकर जा रहे कई डंपरों की जांच की। बिना सरकारी रॉयल्टी जमा किए मौरंग का परिवहन करने वाले ओवरलोड वाहनों को जब्त किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। विभाग की ओर से ओवरलोडिंग, अवैध खनन और निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण के मामलों में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान महोबा के खनन अधिकारी राकेश बहादुर सिंह की पर्यवेक्षणीय जिम्मेदारी में लापरवाही पाए जाने का दावा किया गया है। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ निलंबन की संस्तुति किए जाने की जानकारी है। हालांकि, निलंबन का अंतिम आदेश जारी होने की आधिकारिक पुष्टि अलग से की जानी बाकी है।

खनन विभाग की टीमें महोबा के साथ कानपुर और हमीरपुर में भी सक्रिय हैं। तीनों जिलों में टास्क फोर्स गठित कर लगातार वाहनों और खनन स्थलों की जांच की जा रही है। खनन निदेशक उज्ज्वल कुमार के साथ तीन दर्जन से अधिक कर्मचारी पिछले दो दिनों से अभियान में जुटे हुए हैं। विभागीय कार्रवाई के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले स्टोन क्रेशर संचालकों पर जुर्माना लगाने और अवैध खनन, ओवरलोडिंग तथा बिना रॉयल्टी परिवहन के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी है।

No comments:

Post a Comment