Latest News

Showing posts with label Varanasi Air Show. Show all posts
Showing posts with label Varanasi Air Show. Show all posts

Monday, October 26, 2026

विंग्स ओवर गंगा’ के अंतिम दिन स्वास्थ्य विभाग ने 370 लोगों को दी चिकित्सा सुविधा

वाराणसी: वायु सेना के ‘विंग्स ओवर गंगा’ एरियल शो के अंतिम दिन रविवार को बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे।जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देशन में दर्शकों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग ने गंगा घाटों, आयोजन स्थल के आसपास और प्रमुख मार्गों पर व्यापक चिकित्सा व्यवस्था की। घाटों पर विशेष चिकित्सा शिविर लगाए गए, जबकि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मोबाइल मेडिकल टीमें सक्रिय रहीं। आपात स्थिति से निपटने के लिए विभिन्न स्थानों पर एंबुलेंस भी तैनात की गईं।


यह भी पढ़ें: एयर शो में स्वास्थ्य विभाग मुस्तैद, 142 लोगों का उपचार

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. पी. सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य टीमों ने पूरे दिन 370 लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। इनमें सिरदर्द, बुखार, बदन दर्द, पेट दर्द, चक्कर, उल्टी, निर्जलीकरण और अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित लोग शामिल थे। शिविरों में प्राथमिक जांच के बाद जरूरत के अनुसार तत्काल उपचार, आवश्यक दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। गर्मी, भीड़ और लंबे समय तक खड़े रहने के कारण अस्वस्थ हुए लोगों को उपचार के साथ जरूरी सावधानियों की जानकारी भी दी गई।

यह भी पढ़ें: आमिर खान के भांजे इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस, CEC के इस्तीफे की मांग वाले प्रदर्शन में लिया था हिस्सा

गंभीर स्थिति वाले मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा को अलर्ट मोड पर रखा गया था। जिले के निजी अस्पतालों और ब्लड बैंकों को भी सतर्क किया गया था। एंबुलेंस के माध्यम से दो मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौकाघाट और एक मरीज को श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। अस्पतालों में उन्हें समय पर उपचार मिला और चिकित्सकों ने उनकी स्थिति पर निगरानी रखी।

यह भी पढ़ें: नवरात्र में मांस बेचने पर नगर निगम सख्त, सप्तसागर में खुली दुकान पर ठोका 5,000 का जुर्माना

सीएमओ ने बताया कि चिकित्सा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में वाराणसी के स्वास्थ्य संस्थानों के अलावा अन्य मेडिकल कॉलेजों, निजी अस्पतालों और दूसरे जिलों से आई चिकित्सकीय टीमों ने भी सहयोग किया। सभी टीमों ने आपसी समन्वय से काम करते हुए दर्शकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई। इन सभी गतिविधियों की निगरानी त्रिनेत्र भवन स्थित काशी कमांड सेंटर से की जा रही थी।

यह भी पढ़ें: सभी प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने का नगर आयुक्त ने दिया निर्देश

उन्होंने कहा कि बड़े सार्वजनिक आयोजनों में भारी भीड़ के कारण अचानक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे आयोजनों में आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। सीएमओ ने सेवाएं देने वाले चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस कर्मियों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें: काशी में संस्कृति संसद 2026, संस्कृति, राष्ट्र और नई पीढ़ी के सवालों पर होगा व्यापक मंथन

एयर शो में स्वास्थ्य विभाग मुस्तैद, 142 लोगों का उपचार

वाराणसी: वायु सेना द्वारा शनिवार को आयोजित हवाई प्रदर्शन के दौरान दर्शकों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न गंगा घाटों पर व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. पी. सिंह के निर्देशन में नमो घाट सहित विभिन्न घाटों पर चिकित्सकीय टीमें तैनात की गईं। आकस्मिक स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।



मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. पी. सिंह ने बताया कि हवाई प्रदर्शन के दौरान विभिन्न घाटों पर स्थापित चिकित्सा शिविरों में कुल 142 लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। इनमें निर्जलीकरण (शरीर में पानी की कमी), माइग्रेन (आधे सिर में दर्द), गर्मी के कारण थकावट, तीव्र गैस्ट्राइटिस (पेट में जलन एवं सूजन), उल्टी, चक्कर आने तथा सर्दी-जुकाम से पीड़ित लोग शामिल थे। चिकित्सकीय टीमों ने मरीजों की स्थिति के अनुसार जांच, प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं।

            
नमो घाट पर बीमार हुए बच्चे को प्राथमिक उपचार देने के उपरांत जिला प्रशासन के सहयोग एवं संबंधित विभागों के समन्वय से ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस के माध्यम से शीघ्र चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसे भर्ती कर उपचार उपलब्ध कराया गया। हवाई प्रदर्शन के दौरान किसी भी आकस्मिक स्वास्थ्य समस्या से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकीय टीमों के साथ एंबुलेंस सेवा भी सक्रिय रखी गई। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को संबंधित चिकित्सालयों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई, ताकि उन्हें समय पर उपचार मिल सके।

         
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि बड़े सार्वजनिक आयोजनों में लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से चिकित्सकीय टीमों को आवश्यक संसाधनों के साथ तैनात किया गया, जिससे दर्शकों को मौके पर ही चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। सीएमओ ने आमजन से अपील की कि ऐसे आयोजनों के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, धूप एवं गर्मी से बचाव करें तथा अस्वस्थ महसूस होने पर तत्काल निकटतम चिकित्सा शिविर में संपर्क करें। गंभीर लक्षण होने पर चिकित्सा सहायता लेने में विलंब न करें।