वाराणसी: जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के अंतर्गत 14 अगस्त को 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 18 लाख 50 हजार बालक-बालिकाओं को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी। अभियान के तहत सरकारी एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों, निजी विद्यालयों तथा मदरसों के विद्यार्थियों को उनके शिक्षकों के सहयोग से दवा दी जाएगी। साथ ही विद्यालय न जाने वाले बच्चों को भी इस अभियान में शामिल किया गया है।
यह भी पढ़ें: हेमंत जायसवाल बने जायसवाल क्लब के कैंट विधानसभा अध्यक्ष, समाज के लोगों ने दी बधाई
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. पी. सिंह ने बताया कि आंतों में कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में कुपोषण एवं एनीमिया की समस्या उत्पन्न हो सकती है, जिससे उनका शारीरिक विकास प्रभावित होता है। कृमि मुक्ति से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार होता है, एनीमिया नियंत्रण में सहायता मिलती है तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता एवं सीखने की क्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथि पर एल्बेंडाजोल की दवा अवश्य दिलवाएं।
यह भी पढ़ें: वादों का ट्रॉमा सेंटर हवा में, ब्लॉक प्रमुख ने जमीन पर कर दिया काम!
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. संजय राय ने बताया कि अभियान के अंतर्गत लगभग 7 लाख 40 हजार बच्चे शहरी क्षेत्र तथा 11 लाख 10 हजार बच्चे ग्रामीण क्षेत्र में लक्षित हैं। दवा वितरण के लिए 3,914 आंगनबाड़ी केंद्रों तथा 2,853 सरकारी, मान्यता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों एवं मदरसों में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
यह भी पढ़ें: अईली में फिर सामने आया ग्रामप्रधान के लेटरपैड के कथित दुरुपयोग का मामला, पहले भी दर्ज हो चुकी है FIR
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आरबीएसके टीम के चिकित्सक तथा शहरी क्षेत्रों में अर्बन पीएचसी के चिकित्सकों के साथ-साथ जनपद की सभी एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता अभियान में सक्रिय सहयोग करेंगी। विद्यालय न जाने वाले बच्चों तथा ईंट-भट्ठों पर कार्यरत श्रमिकों के बच्चों को भी इस अभियान के अंतर्गत दवा उपलब्ध कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें: बराई गाँव में चौपाल का कार्यक्रम सिर्फ़ बाईस मिनट में ही हो गया खत्म!
अभियान के दौरान 1 से 2 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी गोली तथा 2 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को एक पूर्ण गोली दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि 14 अगस्त को किसी कारणवश दवा से वंचित रह गए बच्चों के लिए 18 अगस्त को मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा, जिससे लक्षित सभी बच्चों को शत-प्रतिशत कृमि मुक्ति दवा उपलब्ध कराई जा सके।

No comments:
Post a Comment