चिरईगांव: ढाब क्षेत्र के अम्बा-मोकलपुर घाट स्थित गंगासोता पर प्रांतीय लोक निर्माण विभाग द्वारा अब तक लोहे की चादरें नहीं बिछाए जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में लोगों को करीब 500 मीटर तपती रेत पर पैदल चलकर आवागमन करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मोकलपुर, गोबरहां और रामपुर गांव के लोगों के लिए जाल्हूपुर बाजार आने-जाने का यह मुख्य मार्ग है। विभाग द्वारा लोहे की चादरें सड़क किनारे लाकर रख दी गई हैं, लेकिन अब तक उन्हें गंगासोता पर बिछाया नहीं गया है। ग्रामीणों का कहना है कि दोपहर के समय रेत इतनी गर्म हो जाती है कि पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
यह भी पढ़ें: वाराणसी में कारोबारी महिला के नाम पर 19 करोड़ की GST चोरी, खुद को CA बताने वाले पर मुकदमा दर्ज
स्थानीय निवासी सतीश सिंह, रमेश, सुनीता, मुन्नालाल, लालजी और आशा ने बताया कि लोहे की चादरें उपलब्ध होने के बावजूद विभाग की लापरवाही के कारण उन्हें तपती रेत पर चलने को मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से जल्द गंगासोता पर लोहे की चादरें बिछाकर आवागमन सुगम बनाने की मांग की है। अब देखना यह होगा कि विभाग इस समस्या पर कब तक ध्यान देता है।
यह भी पढ़ें: यूपी में शुरू हो सकती हैं ऑनलाइन क्लासेस और वर्क फ्रॉम होम

No comments:
Post a Comment