Latest News

Saturday, October 10, 2026

चिरईगांव में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम का आयोजन, रंगोली प्रदर्शनी में दिखीं सरकारी योजनाएं

वाराणसी: विकासखंड चिरईगांव स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर रंगोली प्रदर्शनी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राकृतिक रंगों, अनाजों, फूलों और पत्तियों से तैयार आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके किया। खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति सिंह ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।


यह भी पढ़ें: पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लोग लें लाभ

रंगोलियों के जरिए योजनाओं के प्रति किया जागरूक

प्रदर्शनी में बेसिक शिक्षा विभाग और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के बीच समन्वय देखने को मिला। परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों, अनुदेशकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और बच्चों ने मिलकर प्राकृतिक रंगों, विभिन्न प्रकार के अनाजों, ताजे फूलों और पत्तियों से रंगोलियां बनाईं। इनके माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के स्वरूप और प्रतीक चिह्नों को कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी में तैयार रंगोलियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। आयोजन का उद्देश्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सरकारी योजनाओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और विभागीय समन्वय को प्रोत्साहित करना रहा।

यह भी पढ़ें: औषधीय गुणों की खान श्रीअन्न की खेती करें किसान-सुनील पटेल

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चे सम्मानित

मुख्य अतिथि पूनम मौर्य ने बच्चों, शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां समाज को जागरूक करने और बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर ‘प्रकृति ही भक्ति है’ विषय पर आयोजित निबंध, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मिशन शक्ति एवं मीना मंच से जुड़े छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।

यह भी पढ़ें: नमो घाट पर 25 अक्टूबर को दिखेगा वायुसेना का शौर्य

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव, भाजपा मंडल अध्यक्ष शशिकांत कुशवाहा, मंत्री रेखा चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अनुदेशक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विज्ञान विषय की एआरपी रश्मि त्रिपाठी ने किया। अंत में खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति सिंह ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों और बच्चों के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें: ‘सपनों का भारत’ विषय पर प्रश्न, कला और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन

No comments:

Post a Comment