Varanasi: यूपी में आगामी चुनाव (UP Election 2022) को लेकर एक दूसरे पर छींटाकशी का दौर जारी है. सुहैलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के नेता ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar ) अपने बयानों के कारण अक्सर चर्चा में रहते हैं. ओम प्रकाश राजभर आज मुनारी में प्रजापति और पाल समाज के बीच पहुंचे. यहां ओम प्रकाश राजभर एक बार फिर से भड़काऊ बयान दिया. ओम प्रकाश राजभर ने इस दौरान मंच से कहा कि, अगर भारतीय जनता पार्टी नेता (BJP) वोट की बात करें तो चाय-पानी पिलाकर कहिये 'राम नाम सत्य है'(Ram nam Saty Hai). ओम प्रकाश राजभर ने फिर कहा कि, भारतीय जनता पार्टी नेता आएं, दो पैर पर और जाएं चार पैर पर. एक समाचार चैनल से बातचीत में ओम प्रकाश राजभर ने मुख्तार अंसारी को माफिया नहीं कहा और कहा कि जो भी आये उनका मोर्चे में स्वागत है.
मुख्तार अंसारी को मसीहा बता चुके हैं ओम प्रकाश राजभर
हम आपको बता दें कि, ओपी राजभर प्रदेश में घूम घूमकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं. वहीं, मुख्तार अंसारी के प्रति उनका रुख कुछ और ही संकेत दे रहा है. गौरतलब है कि, बहुजन समाज पार्टी ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में जेल में बंद बाहुबली मुख्तार अंसारी को टिकट नहीं देने की घोषणा की है. बहुजन समाज पार्टी के इस ऐलान के बाद मुख्तार अंसारी की राजनीतिक किस्मत ने करवट ली है.
एआईएमआईएम ने मुख्तार अंसारी को चुनावी टिकट की पेशकश की और फिर कहा कि अगर वह किसी अन्य पार्टी से चुनाव लड़ते हैं तो वह उनके खिलाफ अपना उम्मीदवार नहीं खड़ा करेगी. वहीं, अब सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) भी बाहुबली विधायक के समर्थन में सामने आई है. सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने सोमवार को मुख्तार अंसारी को गरीबों के लिए 'मसीहा' बताया.

No comments:
Post a Comment