कंकरखेड़ा की शिवलोकपुरी कालोनी में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत शहीद के घर पहुंचे। जहां उन्होंने शहीद की मां, मामा और अन्य रिश्तेदारों से मिलकर सांत्वना दी। शहीद मेजर मयंक विश्नोई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वहीं मीडिया के लोगो से बातचीत में टिकैत ने कहा कि एआइएमआइएम के नेता असदुद्दीन ओवैसी भाजपा पार्टी के चचा जान हैं। राकेश टिकैत यही नही रुके उन्होंने कहा कि जहां भी चुनाव होता है, वहीं भाजपा के अंडर कवर होकर ओवैसी चुनाव लड़ने पहुंच जाते हैं।
कंकरखेड़ा में शहीद मेजर मयंक विश्नोई के घर पहुंचे भारतीय किसान यूनियन नेता राकेश टिकैत ने मीडिया के लोगो से बातचीत में कहा कि असदुद्दीन ओवैसी भाजपा का ही चेहरा है। भारतीय जनता पार्टी बड़े भाई की भूमिका में है और ओवैसी छोटे भाई की भूमिका अदा करते हैं, जिस वजह से वह भारतीय जनता पार्टी के चचा जान हैं। एक सवाल का जबाव देते हुए राकेश टिकैत बोले कि उत्तर प्रदेश के आने वाले विधानसभा चुनाव में संयुक्त किसान मोर्चा किसी भी तरह का कोई चुनाव नहीं लड़ेगा। वैसे तो आने वाले चुनाव के लिए जिस तरह से बाहर से आकर ओवैसी यूपी में पैंठ जमा रहें हैं, उससे बड़ा भाई यानि भारतीय जनता पार्टी को फायदा होगा। हम वोटर हैं, जिसे हमारा मन करेगा, उसी को वोट करेंगे।
राकेश टिकैत ने कहा सरकार से बातचीत के रास्ते खुले, मगर शर्तो पर होगी बातचीत
राकेश टिकैत ने कृषि कानून पर बातचीत में कहा कि सरकार से हम बात करने को तैयार हैं। मगर, बातचीत शर्तो पर होगी। ऐसा नहीं होगा, जिससे सरकार कृषि कानून बिल खत्म न करने की बात कहे और अपने तरीके से समझौते के स्टांप पेपर पर हमसे स्टैंप लगवा ले। मध्य प्रदेश में 127 मंडी बिकने की कगार पर हैं। वहां के किसानों की हालत खराब है।
राकेश टिकैत ने कहा किसानों को गन्ने का भुगतान करे सरकार, गन्ने का रेट भी बढ़ाए
भारतीय किसान यूनियन प्रवक्ता राकेश टिकैत बोले कि उत्तर प्रदेश सरकार गन्ना किसानों का बकाया भुगतान करे। गन्ने का रेट बढ़ाया जाए। साथ ही साथ उन्होंने कहा कि आलू की फसल के भी बाजिव दाम मिलें, ताकि आलू की बुवाई करने वाले किसान को बारिश हुए नुकसान की भरपाई हो सकी। एमएसपी के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है। जो भ्रष्टाचार कर रहे हैं, उन पर पैनी नजर रखकर कार्रवाई हो।
राकेश टिकैत ने कहा शरारती तत्व संगठन का नाम कर रहे बदनाम
भारतीय किसान यूनियन के संगठन के नाम पर कुछ शरारती तत्व हैं, संगठन को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। पिछले दिनों सिवाया टोल प्लाजा पर भी कुछ लोगों ने टोल कर्मियों और संप्रदाय विशेष के चार युवकों से मारपीट की थी, जिसमें भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं का नाम प्रकाश में आया था। इस पर भारतीय किसान यूनियन प्रवक्ता राकेश टिकैत ने साफ कर दिया है कि जो संगठन का नाम बदनाम कर रहे हैं, उन्हें चिंहित किया जा रहा है। ऐसे लोगों की प्रशासन स्तर अथवा संगठन के स्तर से जांच कर कार्रवाई होगी।

No comments:
Post a Comment