तीन दिनों तक भाजपा मुख्यालय में सत्ता में वापसी की तैयारियों को लेकर मंथन चला। यूपी के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस मंथन के नतीजो के साथ शुक्रवार की शाम दिल्ली लौट गए। वे अब मिशन-2022 के रोडमैप को पार्टी नेतृत्व के सामने रखेंगे। इससे पूर्व धर्मेन्द्र प्रधान पार्टी के राज्य मुख्यालय में घंटों पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के संग चर्चा की। उन्होंने पार्टी के आगामी अभियानों, सामाजिक समीकरण, प्रचार अभियान, बूथ प्रबंधन, प्रधानमंत्री सहित बाकि केंद्रीय नेताओं के कार्यक्रमों सहित चुनाव से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से बात की।
2022 के लिए भाजपा ने संगठन प्रभारियों और चुनाव की पूरी टीम उतार दी है। जिसमे धर्मेंद्र प्रधान के साथ आठ वरिष्ठ नेताओं की टीम को चुनाव प्रबंधन सौंपा गया है वही राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह के नेतृत्व में सात सदस्यों की टीम संगठन का मोर्चा संभालेगी। चुनावी रोडमैप तैयार करने के लिए सारे नेता तीन दिनो से लखनऊ में ही थे। अनुराग ठाकुर(केन्द्रीय मंत्री) सहित अन्य संगठन और चुनाव के प्रभारी-सह प्रभारी गत दिवस रवाना हो गए थे। धर्मेन्द्र प्रधान ने शुक्रवार को फिर से प्रदेश संगठन के नेताओं के साथ चुनावी तैयारियों से जुड़े हर छोटे-बड़े मुद्दों पर चर्चा की। इस चर्चा में धर्मेन्द्र प्रधान के साथ संगठन प्रभारी राधामोहन सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह शामिल थे।
जिला और विधानसभा स्तर तक की बैठकों के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। बूथ प्रबंधन पर सबसे ज्यादा जोर रहेगा। पार्टी द्वारा चलाए जा रहे पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति, बूथ विजय अभियान और सम्मेलनों के साथ 26 सितम्बर से 2 अक्तूबर के बीच चलाये जाने वाले जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने की रणनीति तय कर ली गई है। ज्यादा से ज्यादा लोगों तक योगी-मोदी सरकार के काम पहुंचाने का लक्ष्य है।
चुनाव के पूर्व पार्टी कई विशेष अभियान चलाएगी। इन कार्यक्रमों और अभियानों की सहायता से प्रदेश में हर घर तक दस्तक दी जाएगी, इसी के साथ पार्टी का प्रचार अभियान आक्रामक और आकर्षक होगा। जिसके केंद्र में योगी-मोदी ही रहेंगे। प्रचार की थीम "ईमानदार सरकार-काम दमदार और फर्क दिखता है" पर केंद्रित रहेगी। पुरे प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक की इकाइयां पूरे समन्वय के साथ चुनावी तैयारियों में जुटेंगी।

No comments:
Post a Comment