Latest News

Monday, October 04, 2021

लखीमपुर लाइव: विपक्ष का दबाव या कुछ और? जानिये कैसे पल-पल बदलता रहा सीन

लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा में मारे गए किसानों के परिवारों को मुआवजा और नौकरी के साथ ही सभी मांगें कुछ घंटे के अंदर yयूपी सरकार द्वारा मान ली गई हैं। किसानों की तरफ से राकेश टिकैत और यूपी सरकार की तरफ से एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार के बीच हुई बातचीत और समझौते के बाद सब कुछ शांत होने की उम्मीद है। इतनी बड़ी हिंसा और आठ लोगों की मौत के बाद केवल कुछ घंटे के अंदर ही समझौते को हर कोई अपने नजरिये से देख रहा है। कोई इसे विपक्ष का दबाव बता रहा है तो कोई मुख्यमंत्री योगी की रणनीति मान रहा है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि उनके दबाव के कारण यूपी सरकार ने किसानों की सभी मांगें तत्काल मान ली। जबकि बीजेपी नेताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी की रणनीति के आगे प्रियंका और अखिलेश का प्लान ध्वस्त हो गया। 

 


क्या हुआ है समझौता

किसानों और यूपी सरकार के बीच हुए समझौते के अनुसार हिंसा में मारे गये चार किसानों के परिजनों को सरकार 45-45 लाख का मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने के लिये राजी हो गई है। इसके अलावा गंभीर रूप से घायल आठ किसानों को दस-दस लाख रूपये की आर्थिक मदद करेगी। हिंसा के कारणों की न्यायिक जांच की जाएगी, जिसे इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त अथवा मौजूदा न्यायाधीश करेंगे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आठ दिनों के भीतर घटना में लिप्त सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा 

 

मुख्यमंत्री योगी ने तत्काल रद किया अपना दौरा

किसानों के प्रदर्शन के दौरान जिस तरह हिंसा भड़की, उसके व्‍यापक रूप लेने की आशंका थी। विपक्ष के नेताओं ने जिस तरह लखीमपुर जाने की घोषणा कर दी उत्‍तर प्रदेश सरकार सतर्क हो गई। किसान नेता भी लखीमपुर खीरी रवाना हो गए। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍याथ ने खुद अपना गोरखपुर दौरा बीच में रद कर दिया। लखनऊ से एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रशांत कुमार को सीधे लखीमपुर खीरी भेजा। 

 

राकेश टिकैत के अलावा किसी को लखीमपुर नहीं जाने दिया

लखीमपुर जाने की घोषणा करने वाले भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत के अलावा किसी विपक्षी नेता को वहां नहीं जाने दिया गया। किसी को लखनऊ में तो किसी को बीच रास्‍ते में रोक दिया गया। यूपी की योगी सरकार को अंदेशा था कि विपक्ष वहां पहुंचकर तनाव और बढ़ा सकता है। टिकैत के लखीमपुर पहुंचते ही बातचीत शुरू कर दी गई। आखिरकार घटना के 20 घंटों के भीतर समझौता हो गया। 

 

कैसे पल-पल बदलता रहा सीन

03 अक्‍टूबर

  • सुबह करीब 11 बजेः किसानों ने तिकोनिया में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हेलीपैड पर कब्जा जमा लिया। केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी के विरोध के लिए काले झंडे लेकर डट गए।
  • शाम 3.45 बजे: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्रा की कार से दो किसानों की मौत के बाद बवाल की खबर आई। किसानों ने 2 गाड़ियां फूंक दीं। भारी फोर्स तिकोनिया के लिए रवाना की गई। 
  • शाम 4.10 बजे: जिले के आला प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के मौके पर मौजूद होने की सूचना आती है। 
  • शाम 4.26 बजे: पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि केंद्रीय मंत्री के बेटे की कार ने किसानों को कुचल दिया हैं। उन्होंने कुछ देर बाद फिर ट्वीट किया। भाजपा पर हमला बोला। 
  • शाम 4.30 बजे: भारतीय किसान यूनियन ने आशीष पर कार से रौंद कर 3 किसानों को मारने का आरोप लगाया। राकेश टिकैत के गाजीपुर से लखीमपुर खीरी के लिए रवाना होने की जानकारी दी गई।
  • शाम 6 बजे: संयुक्त किसान मोर्चा एक प्रेस रिलीज जारी कर गृह राज्य मंत्री और समर्थकों पर तुरंत हत्या के मामले दर्ज करने और मंत्री को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की।
  • शाम 6.08 बजे: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ट्वीट करती हैं कि 'भाजपा देश के किसानों से कितनी नफ़रत करती है? उन्हें जीने का हक नहीं है? यदि वे आवाज उठाएंगे तो उन्हें गोली मार दोगे, गाड़ी चढ़ाकर रौंद दोगे?'
  • रात 7.17 बजे: बसपा अध्‍यक्ष मायावती ट्वीट कर सुप्रीम कोर्ट से घटना का स्‍वत: संज्ञान लेने की अपील करती हैं।
  • रात 7.25 बजे: पंजाब से गुरनाम सिंह चढूनी, लक्खा सिधाना के 4 दर्जन गाड़ियों के काफिले के साथ लखीमपुर आने की खबर आई।
  • रात 7.30 बजे: किसान नेताओं ने ऐलान किया कि जब तक बीजेपी नेता का बेटा अरेस्ट नहीं होगा, तब तक एक भी शहीद किसान की अंत्येष्टि नहीं होगी।
  • रात 8 बजे: यूपी-उत्तराखंड के साथ ही पंजाब में अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन शुरू होने लगे।
  • रात 8.30 बजे: अजय मिश्र का बयान आता है। वह कहते हैं कि हिंसा में 'हमारे चार लोगों को पीट-पीट कर मार दिया गया, मारे जाने वालों में तीन भाजपा कार्यकर्ता, एक कार चालक है।'
  • रात 8.40 बजे: किसानों ने गदरपुर में नैनीताल-देहरादून हाइवे ब्‍लॉक किया।
  • रात 8.50 बजे: लखीमपुर में इंटरनेट सेवाएं बंद की गईं।
  • रात 9.30: पंजाब और छत्‍तीसगढ़ के मुख्‍यमंत्रियों ने लखीमपुर जाने की घोषणा की।
  • रात 10 बजे: मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने घटना पर बयान जारी किया।
  • रात 10.05 बजे: प्रियंका गांधी वाड्रा लखनऊ पहुंची। जगह-जगह रोकने की कोशिश हुई। आधी रात के बाद सीतापुर में हिरासत में ले लिया गया।
  • रात 10.10 बजे: किसान संगठनों ने पूरे भारत में सोमवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक प्रदर्शन का ऐलान किया।
  • रात 10.15 बजे: किसान नेता राकेश टिकैत के काफिला को रोकने की कोशिश हुई। काफिला बरेली से पीलीभीत होते हुए लखीमपुर के लिए निकला। 
  • 4 अक्‍टूबर
  • रात 12 बजे: राकेश टिकैत पीलीभीत पहुंचे। सतीश मिश्रा हाउस अरेस्ट। 
  • रात 12.37 बजे: भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद खैराबाद टोल प्लाजा पर रोके गए।
  • सुबह 5 बजे: सीतापुर में ही चेकिंग के दौरान आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को रोका गया।
  • सुबह 5.45 बजे: लखीमपुर खीरी पहुंचे राकेश टिकैत से बात करने डीएम अरविंद चौरसिया और एसपी विजय ढुल पहुंचे।
  • सुबह 6.20 बजे: राकेश टिकैत ने किसानों के साथ चर्चा करके अपना मांग पत्र प्रशासन को सौंपा। अजय कुमार मिश्र के पुत्र आशीष मिश्र उर्फ मोनू पर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी मुख्य मांग थी।
  • सुबह 6.30 बजे: लखनऊ में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल के घर के बाहर पुलिस और पीएसी तैनात।
  • सुबह 7 बजे: लखनऊ में अखिलेश यादव को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। मकान के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात।
  • सुबह 7.15 बजे: किसानों की मौत मामले में पुलिस ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के पुत्र आशीष मिश्र समेत 14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया।
  • सुबह 7.18 बजे: किसान और प्रशासन के बीच एक बार फिर बैठक शुरू, बैठक में किसान नेता राकेश टिकैत समेत 12 लोग मौजूद, बैठक में लखीमपुर के डीएम और एसपी मौजूद रहे।
  • सुबह 7.57 बजे: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आवास के बाहर प्रशासन ने ट्रक खड़ा करवाया। बैरिकेडिंग की जगह 16 पहिये का ट्रक मुख्य मार्ग पर तैनात किया गया।
  • सुबह 8.45 बजे: रैपिड ऐक्‍शन फोर्स को घटनास्‍थल की ओर रवाना किया गया।
  • सुबह 8.49 बजे: बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री से सख्त कार्यवाही करने का निवेदन किया।
  • सुबह 9.06 बजे: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बहन प्रियंका के समर्थन में ट्वीट किया।
  • सुबह 9.45 बजे: दिल्‍ली-एनसीआर के कई बॉर्डर्स बंद किए गए।
  • सुबह 9.50 बजे: लखनऊ में प्रदर्शनकारियों ने अखिलेश यादव के घर के बाहर पुलिस जीप में आग लगी, सपा नेताओं पर लगा आरोप।
  • सुबह 9.55 बजे: शिवपाल यादव के दीवार फांदकर भागने की खबर आई। हालांकि बाद में उन्‍हें पुलिस ने फिर हिरासत में ले लिया।
  • सुबह 10 बजे: आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी के समर्थकों ने गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)के टोल प्लाजा के बैरियर को तोड़ा। चौधरी लखीमपुर खीरी के रास्‍ते पर थे।
  • सुबह 10.10 बजे: पुलिस ने अखिलेश यादव को हिरासत में लिया। रामगोपाल यादव और अन्‍य कार्यकर्ता भी हिरासत में।
  • सुबह 10.30 बजे: लखीमपुर हिंसा में एक पत्रकार की भी मौत की खबर आई।
  • सुबह 11 बजे: मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी बैठक बुलाई। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना समेत आला अधिकारी भी बैठक में मौजूद थे।
  • दोपहर 12.40 बजे: किसानों और प्रशासन में सहमति बनी। 
  • दोपहर 12.50 बजे: उत्‍तर प्रदेश सरकार और किसान नेताओं की प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में समझौते का ऐलान।
  • दोपहर 1.30 बजे: केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में आरएएफ और एसएसबी की दो-दो कंपनियों की तैनाती 6 अक्टूबर तक रहेगी।

No comments:

Post a Comment