Latest News

Monday, September 27, 2021

सैम्स निदेशक आरके सिंह और मनीषा कोइराला के सचिव की हत्यारा, बनारस का मोस्ट वांटेड मुंबई में गिरफ्तार

वाराणसी में दशक पहले बाबतपुर रोड स्थित सैम्स के निदेशक आरके सिंह और अभिनेत्री मनीषा कोइराला के सचिव अजीत देवानी की हत्या कर सनसनी फैलाने वाले बनारस के मोस्ट वांटेड 50 हजार के इनामी बदमाश को महाराष्ट्र में अहमदाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिला वाराणसी के जंसा थाना के दिनदासपुर निवासी मनीष सिंह के ऊपर वाराणसी के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के 11 मुकदमे दर्ज हैं।

 



महाराष्ट्र के बकोला थाने में भी मनीष सिंह पर हत्या के प्रयास सहित मकोका एक्ट में मुकदमे दर्ज हैं। मनीष सिंह पेशी पर जाते समय पुलिसकर्मियों को चकमा देकर कचहरी से फरार हुआ था और फिर वाराणसी पुलिस के हाथ नहीं लगा। माफिया सुभाष ठाकुर का खास कहा जाने वाला मनीष सिंह ने पिछले डेढ़ दशक से मुंबई में ठिकाना बना रखा था। मनीष सिंह की गिरफ्तारी किए जाने के बाद एसटीएफ और वाराणसी पुलिस भी फास्ट हो गई है। ऐसा माना जा रहा है कि जल्द ही पुलिस की एक टीम अहमदाबाद रवाना होगी।


 30 जून 2001 में की थी हत्या


वाराणसी जिले के जंसा के दीनदासपुर के रहने वाले मनीष सिंह ने युवावस्था में ही अपराध का दामन थाम लिया था। 30 जून 2001 में बॉलीवुड फिल्म अभिनेत्री मनीषा कोइराला के सचिव अजीत देवानी की रंगदारी नहीं देने पर हत्या कर दी थी। इस हत्या में शूटर के तौर पर मनीष सिंह का नाम सामने आया था। हालांकि इस हत्याकांड में चोलापुर के इमलिया गांव निवासी दीपक सिंह दीपू और अबू सलेम का भी नाम सामने आया था। दीपू को वर्ष 2009 में बिहार पुलिस ने सासाराम में मार गिराया था। दूसरी तरफ, इस चर्चित हत्याकांड के बाद से मनीष की पहचान हुई और महाराष्ट्र के बकोला थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था।


2007 में सैम्स के निदेशक आरके सिंह की हत्या की


वाराणसी सहित पूर्वांचल के जरायम जगत में चर्चित नाम मनीष सिंह पर कैंट थाने की पुलिस ने 24 मई 2010 को 50 हजार का इनाम घोषित किया था। एक दशक से अधिक समय से फरार मनीष सिंह ने 21 अप्रैल 2007 को सैम्स के निदेशक आरके सिंह की रथयात्रा स्थित एक लॉन के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या से पुलिस की इतनी किरकिरी हुई कि तत्कालीन एसएसपी सुजीत कुमार पांडेय को हटा दिया गया था।

No comments:

Post a Comment