Latest News

Sunday, September 19, 2021

फतेहपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश के आबकारी मंत्री ने चाचा और अब्बाजान को लेकर विरोधियों पर कसा तंज

फतेहपुर| उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी एवं मद्य निषेध एवं जिले के प्रभारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री  ने कहा, चचाजान और अब्बाजान मिलकर भी चुनाव लड़ें तो भारतीय जनता पार्टी के सामने टिक नहीं पाएंगे। किसान आंदोलन का नेतृत्व कर रहे भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत पर भी हमला बोला। प्रभारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री  ने कहा, जो अपनी जमानत तक नहीं बचा पाए, अब उनके मुंह से हराने की बात ठीक नहीं। वह रविवार को विकास भवन सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार की साढ़े चार साल की उपलब्धियों पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। 

 


एक सवाल के जवाब में प्रभारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री  ने कहा, यह वही उत्तर प्रदेश है जो वर्ष 2017 से पहले विकास के नाम पर देश की ग्रेडिंग में 12वें स्थान पर था, आज उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान में पहुंच गया है। जो बीते 20 वर्षों में नहीं हुआ वह योगी सरकार ने साढ़े चार साल में कर दिखाया। जिले में हुए विकास कार्यों को गिनाते हुए प्रभारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री  ने विभागवार रिपोर्ट भी मीडिया के सामने रखी। उन्होंने शहर की अधूरी सीवर लाइन के बाबत कहा कि यह अब उनकी प्राथमिकता में है, 10 वर्ष से अधिक से अधूरे पड़े औगासी पुल को पूर्ण कराने और बारिश में जिन सड़कों में गड्ढे हुए हैं उन्हें 90 दिन के अंदर चकाचक बनाने की बात कही। उन्होंने समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी व कांग्रेस पर भी हमला बोला और इन सभी पार्टियों पर जनता के शोषण का आरोप लगाया। इससे पहले उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के साढ़े चार साल बेमिसाल पुस्तिका का विमोचन भी किया। 

No comments:

Post a Comment