Latest News

Wednesday, September 15, 2021

वाराणसी नगर निगम ने अवैध विज्ञापन पर कसा शिकंजा, बकायेदारों की कटेगी आरसी

वाराणसी शहरी क्षेत्र में अवैध तरीके से विज्ञापन संबंधी बड़े बैनर-पोस्टर टांगने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अख्तियार किया है। मंगलवार को सिगरा से फातमान रोड होते हुए मलदहिया चौराहा तक, इंग्लिशिया लाइन से होते हुए लहरतारा तक, चंदुआ सट्टी से कैंट मार्ग होते हुए मक़बूल आलम रोड तक और कचहरी चौराहा से भोजूबीर होते हुए संत अतुलानंद स्कूल चौराहा तक अवैध विज्ञापन के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान मैकेनिकल लैडर और ट्रिपर की सहायता से बड़े साइज के 48 विज्ञापन पट्ट, होर्डिंग्स और यूनिपोल पर अवैध विज्ञापन सामग्री हटा कर उसे जब्त कर लिया गया। नगर निगम की ओर से कहा गया है कि यह कार्रवाई रोजाना जारी रहेगी।




नगर आयुक्त की प्रवर्तन दल को हिदायत सख्ती से पेश आने का आदेश 

नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम वाराणसी की सीमा अंतर्गत सभी प्रकार के विज्ञापन पट्ट, होर्डिंग्स, यूनिपोल, पार्क में लगाए गए विज्ञापनों, रोटेटरों पर जहां अनुमति न ली गई हो उनके साथ ढिलाई न करें। प्रवर्तन दल देखे कि विज्ञापन शुल्क और कर नगर निगम कोष में जमा किया गया है या नहीं किया गया है। अवैध तरीके से जो भी विज्ञापन या होर्डिंग लगी दिखें, उन्हें अभियान चलाकर हटाया जाए।


नगर निगम बकाया जमा करने के लिए जरी करेगा नोटिस

नगर आयुक्त प्रणय सिंह के निर्देश के क्रम में अपर नगर आयुक्त सुमित कुमार की अध्यक्षता में विज्ञापन विभाग एवं अनुज्ञप्ति विभाग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागीय कर्मियों को लिखित निर्देश दिया गया कि विगत वर्षों के समस्त बकायेदारों को तत्काल बकाया जमा करने के लिए अंतिम चेतावनी नोटिस जारी करें। एक सप्ताह के अंदर बकाया धनराशि जमा न होने की स्थिति में उनका आरसी तैयार कर वसूली के लिए जिलाधिकारी के कार्यालय को सूची भेज दें।

No comments:

Post a Comment