Latest News

Tuesday, August 02, 2022

अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा फहराने के लिए भाजपा ने झोंकी ताकत, सफलता को किया मंथन

वाराणसी: स्वतंत्रता के 75 वें वर्ष में अमृत महोत्सव के तहत हर घर पर तिरंगा फहराने के लिए भाजपा ने संगठन की ताकत झोंक दी है। आजादी के इस महापर्व को भाजपा महानगर में व्यापक रूप से मनाने की तैयारी के लिए सोमवार को सिगरा स्थित गुलाब बाग में महानगर पदाधिकारी के साथ समस्त प्रकोष्ठों एवं विभागों के बैठक आहूत की गई, जिसमें इस महा अभियान को सफल बनाने हेतु कार्य योजना को अंतिम रूप दिया गया।



हर घर तिरंगा कार्यक्रम को लेकर तैयारी के संबंध में जानकारी देते हुए महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने बताया कि महानगर के प्रत्येक घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य लिया गया है। जिसके लिए महानगर और मंडल स्तर पर पदाधिकारियों को इस निमित्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह शक्ति केंद्र व बूथ स्तर पर एक एक पदाधिकारी हर घर में तिरंगा फहराने के कार्यक्रम को जिम्मेदारी के साथ पूर्ण कराएंगे। इस महा अभियान में सबकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मंडल शक्ति केंद्र पर बैठकों का क्रम जारी है।

विद्यासागर राय ने कहा कि युवा मोर्चा द्वारा 9 व 10 अगस्त को जगह जगह तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। 11 अगस्त को महापुरुषों की प्रतिमा स्थल पर भाजपा जन स्वच्छता अभियान चलाएंगे। इसी दिन भाजपा नेता अपने क्षेत्र के किसी सम्मानित व्यक्ति के घर जाकर तिरंगा झंडा लगाएंगे। इसके साथ ही शक्ति केंद्र स्तर पर 11, 12 तथा 13 अगस्त को सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक जन जागरण हेतु प्रभात फेरी निकालने की तैयारी की गई है। कार्यक्रम के अंतिम दिन यानी 13, 14 और 15 अगस्त को हर घर पर तिरंगा झंडा फहरा कर इस महाअभियान को ऐतिहासिक बनाना है।

बैठक को संबोधित करते हुए कार्यक्रम प्रभारी अशोक पटेल व मधुप सिंह ने हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए अपना पूरा सहयोग देने और सभी कार्यकर्ताओं को अभी से अपने-अपने क्षेत्रों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने प्रत्येक परिवारों के साथ झंडे के साथ सेल्फी लेकर पार्टी के वेबसाइट पर अपलोड करने की अपील की।

बैठक का संचालन महानगर महामंत्री अशोक पटेल ने किया। मीडिया प्रभारी किशोर कुमार सेठ के अनुसार इस दौरान मुख्य रूप से महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, अशोक पटेल, नवीन कपूर, जगदीश त्रिपाठी, अभिषेक मिश्रा, किशोर कुमार सेठ, मधुप सिंह, डॉ रचना अग्रवाल, मन्नू राय, रवि राय हिलमिल, इंदु भूषण गुप्ता, जोगिंदर सिंह चौहान, प्रशांत केसरी, डॉक्टर एसपी गुप्ता, जयदीप, राम वर्मा, रवि जायसवाल आदि रहे।

No comments:

Post a Comment