Latest News

Wednesday, January 19, 2022

शीतलहर से कांपा उत्तर प्रदेश, एक हफ्ते जारी रहेगा सर्दी का सितम, कल हो सकती है बारिश

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत पूरा यूपी ठंड से कांप रहा है। पारा दो डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच-छह डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है।

 


अधिकतम तापमान भी 11 से 16 डिग्री सेल्सियस तक है। मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटे में गाजीपुर सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में सुबह धुंध के साये में बीता। इसके बाद ठण्डी हवाओं से पूरे दिन गलन बनी रही। मौसम विभाग का कहना है कि करीब सप्ताह भर ऐसी ही कड़ाके की ठंड बनी रहेगी। 20 और 21 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदली और बरसात की संभावना है। गाजीपुर सबसे ठण्डा रहा। न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से पांच डिग्री कम है।

 

तीन साल में सबसे सर्द

इस सर्दी की सबसे ठण्डी रात और सबसे ठण्डा दिन मंगलवार रहा। दिन भर चली ठण्डी हवाओं ने शाम को और रफ्तार पकड़ी। न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इतना ठण्डा तो मंगलवार को शिमला भी नहीं रहा। शिमला में मंगलवार को अधिकतम पारा 15.3 डिग्री तो न्यूनतम 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

 

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक दिन का तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस कम रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विभाग के मुताबिक साल 2018 में जनवरी में दिन का तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पिछले साल जनवरी माह में रात का तापमान तीन डिग्री तक लुढ़का था।

 

कोहरे से ट्रेनें लेट

राजधानी में घने कोहरे के कारण मंगलवार को कई ट्रेन घंटों देरी से चारबाग और लखनऊ जंक्शन पहुंचीं। इनमें लखनऊ मेल एक घंटा 10 मिनट देरी से पहुंची। एसी एक्सप्रेस 45 मिनट और शताब्दी ट्रेन सवा घंटे देरी से पहुंची।

 

एक हजार अलाव जलेंगे

देर रात नगर आयुक्त समेत तीनों अपर आयुक्त ने अलाव व रैन बसेरे का निरीक्षण किया। अपर आयुक्त अभय पाण्डेय ने कहा कि केन्द्रों पर जल्द एक हजार अलाव जलेंगे।

 

ये बरतें सावधानी

-ठंड में सैर पर निकलने से बचें

-ठंडी वस्तुओं के सेवन से बचें

-घर में ही कसरत करें

-नियमित दवाओं का सेवन करें

-घबराहट, सीने में दर्द, पसीना आने पर डॉक्टर की सलाह लें

-अधिक वसा युक्त चीजें खाना से बचें

-सिगरेट, शराब के सेवन से परहेज करें। इससे रक्तवाहिनियां संकरी हो सकती हैं। दिल तक खून का संचार प्रभावित हो सकता है

-नमक का सेवन कम करें

 

इस आर्टिकल को शेयर करें

 

अपने शहर की खास खबरों को अपने फ़ोन पर पाने के लिए ज्वाइन करे हमारा Whatsapp Group मोबाइल नंबर 09355459755 / खबर और विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें। 

No comments:

Post a Comment