Latest News

Monday, September 20, 2021

महंत नरेंद्र गिरि का संदिग्ध हालात निधन, मुख्यमंत्री योगी समेत दिग्गज नेताओं व संतों ने जताया दुख

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की संदिग्ध हालात में निधन हो गया है। महंत नरेंद्र गिरि का शव प्रयागराज स्थित अल्लापुर में बांघबरी गद्दी मठ के कमरे में फंदे से लटका मिला है। उनके मौत की खबर फैलते ही मठ पर बड़ी संख्या में भक्त और श्रद्धालु भी पहुंचने लगे हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत विभिन्न राजनीतिक दलों और संत-महात्माओं ने इस दुखद घटना पर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।



सीएम योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धांजलि देते हुए अपने शोक संदेश में कहा कि 'अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि जी का ब्रह्मलीन होना आध्यात्मिक जगत की अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल अनुयायियों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!'

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महंत नरेंद्र गिरि की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि 'अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष पूज्य नरेंद्र गिरी जी का निधन अपूरणीय क्षति है। ईश्वर पुण्य आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व उनके अनुयायियों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। भावभीनी श्रद्धांजलि।'

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी के निधन से धर्मनगरी अयोध्या में शोक की लहर दौड़ गई है। हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष के निधन बेहद दुखद बताया है। राजू दास ने कहा कि भगवान से प्रार्थना है कि मृत आत्मा को शांति प्रदान करें। महंत नरेंद्र गिरी का निधन साधु समाज के लिए अपार क्षति के समान है।

मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महंत नरेंद्र गिरी के निधन पर गहरी शोक संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा, 'अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष पूज्य संत महंत नरेंद्र गिरी जी महाराज के देवलोकगमन की दुःखद सूचना मिली। सनातन धर्म के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले पूज्य स्वामीजी द्वारा समाज के कल्याण में दिए योगदान को सदैव याद किया जाएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।'

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने महंत नरेंद्र गिरि के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, 'मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि पूज्य महंत नरेंद्र गिरि जी महाराज ने खुदकुशी की होगी, स्तब्ध हूं, निःशब्द हूं, आहत हूं, मैं बचपन से उन्हें जानता था, साहस की प्रतिमूर्ति थे,मैंने कल ही सुबह 19 सितंबर को आशीर्वाद प्राप्त किया था, उस समय वह बहुत सामान्य थे बहुत ही दुखद असहनीय समाचार है ! पूज्य महाराज जी ने देश धर्म संस्कृति के लिए जो योगदान दिया है उसे भूलाया नहीं जा सकता है, अश्रुपूर्ण विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भगवान से प्रार्थना है कि सभी भक्तों शिष्यों को दुख सहने की शक्ति दें भगवान पुण्यात्मा को चरणों में स्थान दें !! ॐ शान्ति शान्ति शान्ति'

No comments:

Post a Comment