बनारस के राज परिवार में भाई और बहन के बीच विवाद गहरा गया है। बनारस के राजा विभूति नारायण सिंह की तीन पुत्रियों में बड़ी विष्णु प्रिया ने रविवार को भाई डॉ. अनंत नारायण सिंह पर मिंट हाउस में मीडिया से बातचीत में गंभीर आरोप लगाये। विष्णु प्रिया ने कहा कि महाराज विभूति नारायण की संपत्ति में उनके समेत कुमारी हरिप्रिया, कृष्ण प्रिया व डॉ. अनंत नारायण बराबर के उत्तराधिकारी व हक के अधिकारी हैं। विष्णु प्रिया की व अन्य बहनों की संपत्ति गलत तरीके से डॉ. अनंत नारायण बेच रहे हैं। विष्णु प्रिया ने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन भी सहयोग नहीं कर रहा। शिकायत पर बिना उनके बयान के ही रिपोर्ट लगा दी जा रही है।
विष्णुप्रिया ने कहा कि चंदौली
के पीपीडीयू नगर के पटना की संपत्ति उनकी मां के नाम थी। ईंट भट्ठे की जमीन कृषि
भूमि बताकर बेच दी गई, जबकि
संपत्ति उनके पक्ष में थी। मामले में अब भी चंदौली एडीएम प्रशासन के यहां वाद
लंबित है। परेड ग्राउंड कोदोपुर कुमारियों को मिला। डॉ. अनंत नारायण सिंह ने तहसील
कर्मियों को मिलाकर वरासत अपने नाम अंकित करा लिया। कूटरचित बैनामा तैयार कर
संपत्ति दूसरे के हक में कर दी। विष्णु प्रिया ने इसकी शिकायत आईजीआरएस से की गई।
पुलिस आयुक्त से भी शिकायत हुई। शिकायत के निबटारे के क्रम में रामनगर पुलिस ने
बिना उनका बयान लिये गलत रिपोर्ट लगा दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिस हिस्से
में वह रह रही हैं, उनके
हिस्से की बिजली सुबह आठ बजे काट दी जाती है। फिर दोपहर एक बजे दी जाती है। इसी
तरह पानी भी बंद कर दिया जाता है। यह लॉकडाउन के बाद से किया जा रहा है।

No comments:
Post a Comment