जिला मजिस्ट्रेट कौशलराज शर्मा ने डाफी में प्रस्तावित पुलिस चौकी की जमीन से भूमाफियाओं का कब्जा हटाने में लापरवाही पर लेखपाल आलोक पाठक को शुक्रवार को निलम्बित करने का आदेश एसडीएम सदर को दिया है। उन्होंने यह आदेश विभिन्न परियोजनाओं के लिए आवंटित जमीनों के अधिग्रहण, भू-स्वामियों के भुगतान तथा कोर्ट की वजह से प्रोजेक्ट बाधित होने व भू-माफियाओं के अवैध कब्जों को हटाने के सम्बंध में कार्रवाई की समीक्षा के दौरान की।
शुक्रवार को कैंप कार्यालय पर हुई बैठक में जानकारी मिली कि पुलिस चौकी के लिए निर्धारित जमीन पर कुछ लोगों का लम्बे समय से अवैध कब्जा है। इसे खाली कराने के लिए सम्बंधित लेखपाल ने कोई प्रयास नहीं किया और न कोई रिपोर्ट प्रस्तुत की। एसडीएम सदर को निर्देश दिया है कि सम्बंधित अतिक्रमण जेसीबी से हटाएं। टेगरा मोड़ पर भी एक होटल के कब्जा और सीवर लाइन की युटिलिटी शिफ्टिंग में बाधक बनने की जानकारी पर जेसीबी से अतिक्रमण हटवाने का निर्देश दिया। उन्होंने जलमार्ग प्राधिकरण, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, सेतु निगम व एचपीसीएल आदि संस्थाओं की परियोजनाओं से सम्बन्धित भूमि अधिग्रहण, भुगतान सम्बंधी कार्रवाई तेजी से निपटाने का निर्देश दिया। बैठक में नगर आयुक्त प्रणय सिंह, वीडीए की वीसी ईशा दुहन सहित सम्बंधित कार्यदायी संस्थाओं व विभागों के अफसर मौजूद रहे।
किसानों का करें भुगतान 20 तक
जिला मजिस्ट्रेट ने कपसेठी-रामेश्वर के पास वरुणा नदी पर पुल निर्माण के लिए ली गयी जमीनों का भुगतान किसानों को 20 सितंबर तक करने का निर्देश दिया। एनएचएआई तथा पीडब्ल्यूडी की सड़कों के किनारे व डिवाइडर पर पौधरोपण पूरा कराने तथा उसे सत्यापित कराने के साथ पीडब्ल्यूडी, वीडीए व नगर निगम को शहर की सड़कों के किनारे तथा डिवाइडर पर पौधरोपण कराने को कहा। शहर से बाहर कैटिल कालोनी स्थानांतरित करने के लिए बड़े स्तर पर प्रस्ताव शासन को भेजने का निर्देश दिया।

No comments:
Post a Comment