Latest News

Thursday, September 16, 2021

17 व 18 सितंबर 2021 को सभी शिक्षण संस्थान रहेंगे बंद-योगी आदित्यनाथ

राज्य के कई इलाकों में अत्यधिक बारिश को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया है और साथ ही साथ सभी संभागायुक्तों और जिलाधिकारियों को पूरी तत्परता से राहत कार्य करने के निर्देश दिए हैं.


यूपी में बीते 12 घंटे से उत्तर प्रदेश के पश्चिमी, पूर्वी, मध्य, दक्षिण तथा उत्तरी भाग बादलों की आगोश में हैं। कहीं पर तेज तथा कहीं पर हल्की बारिश हो रही है। लखनऊ तथा कानपुर में तो जमकर पानी बरस रहा है। लखनऊ में तेज बारिश के साथ तूफान के कारण कई जगह पर पेड़ भी गिरे हैं। रेलवे स्टेशन व बस स्टेशन में पानी भरा है। अंडरपास में भी बारिश का पानी भरा है। राजधानी के पॉश कालोनी में भी जगह- जगह जलजमाव से लोग परेशान हैं।




उत्तर प्रदेश के दक्षिण भाग के जिले झांसी तथा ललितपुर और आसपास के इलाकों में बुधवार शाम से ही कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश हो रही है। आज भी तेज पानी बरस रहा है। वाराणसी समेत पूर्वांचल में घने बादल छाए हैं और रुक - रुककर बारिश हो रही है। कल के मुकाबले आज हवा धीरे चल रही है। गोरखपुर में गुरुवार को भी बारिश का सिलसिला जारी है। बुधवार को हल्की तो गुरुवार सुबह से झमाझम बारिश हो रही है।

ग्रेटर नोएडा, नोएडा में सुबह से झमाझम बारिश हो रही है। गाजियाबाद में सुबह हल्की बौछारें पड़ीं। इसके बाद गाजियाबाद में तेज बारिश हो रही है। अलीगढ़ मे बूंदाबांदी के बाद कुछ देर तेज बरसात हुई। यहां पर अभी बादल छाए हुए हैं। हापुड़ में करीब आधा घंटे तेज बारिश हुई है। बरेली में सुबह से हल्की बारिश हुई। बादल छाये हैं। मुरादाबाद में सुबह हल्की बारिश के बाद धूप निकली।


अभी जारी रहेगी तेज बारिश


मौसम विभाग के अनुसार हमीरपुर, वाराणसी, प्रयागराज, फतेहपुर, अमेठी इत्यादि जनपदों में तेज बारिश जारी रहने का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग के अनुसार भारी बारिश से यह इलाके जलमग्न हो सकते हैं। मौसम विभाग के निदेशक डॉ जेपी के गुप्ता के अनुसार हमीरपुर, वाराणसी, फतेहपुर के अलावा सुल्तानपुर अमेठी, गाजीपुर, झांसी, बांदा, बलिया गोरखपुर, उरई इत्यादि जनपदों में तेज बारिश की की संभावना अगले 24 घंटे तक बनी रहेगी। 


इस दौरान लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने व पुराने मकान में रह रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। आज भी दिनभर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। रात भर से जारी तेज बारिश के चलते अधिकांश इलाकों में बिजली की आपूर्ति भी बाधित चल रही है। इससे भी लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। 

No comments:

Post a Comment