Latest News

Thursday, September 09, 2021

पैदल निकले राहुल वैष्णो माता के दर्शनों के लिए, बोले- राजनीतिक बात नहीं करना चाहता, पूजा करने आए हैं

माता वैष्णो देवी के मंदिर की 13 किमी की यात्रा पैदल शुरू की कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने। राहुल गांधी का कहना था कि वह माता की पूजा करने आए हैं। कोई भी राजनीतिक टिप्पणी नहीं करना चाहते। वहीं कांग्रेस के नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा पर निशाना साधा है। सुरजेवाला ने कहा कि राहुल गांधी अगर 13 किलोमीटर पैदल चलकर वैष्णो देवी माता के द्वार पर जाना चाहते हैं तो भाजपा को क्या ऐतराज है।
राहुल अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद गुरुवार से जम्मू के दो दिवसीय दौरे पर हैं। वह दोपहर साढ़े 12 बजे जम्मू एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। उसके बाद वह वहां से वैष्णो देवी की यात्रा के लिए निकले। कांग्रेस ने राहुल गांधी का वीडियो ट्वीट कर लिखा- माता वैष्णो देवी के दरबार में राहुल गांधी देश की खुशहाली व तरक्की की मंगलकामना करेंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को रास्ते में आम लोगों के साथ मिलते हुए भी देखा गया। कांग्रेस ने कहा कि माता वैष्णो देवी के भक्तों के साथ मां के दरबार की तरफ पदयात्रा कर आगे बढ़ रहे हैं। देशवासियों पर माता वैष्णो देवी की कृपा व आशीर्वाद बना रहे। इस समय वह यात्रा मार्ग पर हैं, जहां माता वैष्णो देवी के जयकारों की गूंज है। राहुल गांधी की पद यात्रा के दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा मार्ग के दोनों ओर विभिन्न स्थानों पर ढोल-नगाड़े बज रहे हैं। जम्मू हवाई अड्डे पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का पार्टी नेताओं ने स्वागत किया। जम्मू कश्मीर कांग्रेस समिति के अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर के नेतृत्व में वरिष्ठ नेताओं ने हवाई अड्डे पर राहुल गांधी का स्वागत किया। मीर ने कहा कि दौरे के पहले दिन कोई राजनीतिक कार्यक्रम प्रस्तावित नहीं है। शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न साढ़े बारह बजे तक गांधी, जम्मू के त्रिकुटा नगर में जे के रिजॉर्ट्स में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। भोजन के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करने के बाद वह साढ़े तीन बजे की उड़ान से दिल्ली वापस जाएंगे।

No comments:

Post a Comment